मलेरिया और वायरल बुखार के बाद जिले में डेंगू ने दस्तक दे दी है। कर्णवास रोड पर गांव गंगापुर में डेंगू से युवक ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने युवक की मौत को डेंगू से होने बताया है। वहीं, स्वास्थ विभाग डेंगू से मौत की बात नकार जांच की बात कह रहा है।
कर्णवास रोड स्थित गंगापुर गांव में मनोज (22) पुत्र विनोद की बृहस्पतिवार को डेंगू से मौत हो गई। मनोज के चाचा शीशपाल सिंह ने बताया कि उसे करीब 15 दिनों से बुखार था। उसका उपचार अनूपशहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
निजी पैथोलॉजी लैब की जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं, सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी ने बताया कि जिले में अभी तक डेंगू का कोई मरीज सामने नहीं आया है। गंगापुर में जिस युवक की मौत डेंगू से बताई जा रही है, उसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।