गीरी नगर ग्रिड स्टेशन में वीरवार को ब्लास्ट जैसा धमाका हुआ। कुछ ही देर में पूरा स्टेशन आग की लपटों में घिर गया। इसके चलते 33 केवी ट्रांसफार्मर भी जल गया। ग्रिड में आग लगने से अब कतरसामना के नए ग्रिड स्टेशन से बारी-बारी बिजली शहर व मंडल को मिल रही है। लेकिन गीरी ग्रिड पर जो भी इलाके निर्भर थे उनकी आपूर्ति ठप है। वहां पर ट्रांसफार्मर के साथ जितनी भी पैनलिंग थी वह भी जल गई है।
अधिकारियों का कहना है कि यह घटना बुधवार देर रात हुई। इससे वीरवार सुबह तक बिजली पूरे जिले में बंद रही। सुबह करीब 9 बजे कुछ इलाकों में बिजली बहाल की गई, जबकि अधिकतर इलाकों में खासकर ग्रिड स्टेशन गीरी नगर पर निर्भर इलाके डूल, बिनंद्राबन, चिरहार, होलर, पूछाल, होंजाला, बेरवाड़, गीरीनगर आदि की बिजली बंद रही।
बिजली विभाग के अधिकारी आरसी शर्मा का कहना है कि धमाका कैसे हुआ इस बार में अभी कुछ ठोस नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने शार्ट सर्किट से स्टेशन में आग लगने की आशंका जताई है। आग लगने के तुरंत बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और आम जनता भारी संख्या में वहां पहुंचे। दमकल ने आग पर काबू पाया।