नगर के मोहल्ला कानूनगोयान मंगलवार दोपहर गद्दी-कुरैशी बिरादरी के लोगों के में मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सपा नगर अध्यक्ष समेत छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। तनाव को देखते हुए मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मंगलवार को नगर में ईद उल अजहा का पर्व शांति से मनाया जा रहा था। दोपहर करीब 2 बजे मोहल्ला कानूनगोयान में चार-पांच युवक दूसरी बिरादरी के युवक को पीट रहे थे। उसी दौरान वहां से बाइक से गुजर रहे मजीद पुत्र रसीद निवासी मोहल्ला नौगंज ने पीट रहे युवकों का बीच बचाव करने का प्रयास किया।
विज्ञापन
आरोप है कि आरोपी युवकों ने उसकी भी पिटाई कर दी। जब यह खबर उसके बिरादरी के लोगों को मिली तो वह भी मौके पर आ गए। जहां दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। कोतवाली में भी दोनों पक्षों में नोंकझोंक हुई।
कोतवाली पहुंचे सीओ चंद्रधर गौड़ ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं एसओ श्यामवीर सिंह ने सपा नगर अध्यक्ष आस मोहम्मद गाजी समेत दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। एसओ ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर कोतवाली में नहीं दी है।