जिला पुलिस के सिरदर्द बने कोतवाली देहात का गैंगरेप स्पॉट फिर सुर्खियों में है। सोमवार सुबह लिफ्ट देकर बदमाशों ने हाईवे-91 पर तमंचे के बल पर पशु व्यापारी से 60 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर मारपीट भी की। हालांकि, पुलिस को पहले एक लाख रुपये लूटे जाने की सूचना मिली।
जानकारी के मुताबिक थाना खुर्जा देहात के असगरपुर गांव निवासी फरहाद पशु व्यापारी हैं। फरहाद ने पुलिस को बताया कि सोमवार को गुलावठी क्षेत्र में पशु पैठ लगती है। सुबह करीब 11 बजे वह पैठ में जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर एक स्कॉर्पियो कार दिखाई दी। उसने गुलावठी जाने के लिए सवारियां भरीं।
बदमाशों ने हाईवे-91 पर पहुंचकर दोस्तपुर गांव के पास गाड़ी रोक ली। फिर तमंचे के बल पर उसकी जेब में रखे 60 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे सड़क किनारे फेंक दिया और भाग गए। इसी बीच आ रहे एक राहगीर की मोबाइल मांगकर व्यापारी ने पुलिस को वारदात की सूचना दी।
उसने पुलिस को बताया कि उसके पास से बदमाशों ने एक लाख रुपये व मोबाइल लूट लिया है। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। लेकिन पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि 60 हजार रुपये की लूट हुई है। देहात कोतवाल अमरेश कुमार ने बताया कि लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बता दें कि यह वहीं जगह है, जहां पांच माह पहले बदमाशों ने मां-बेटी के साथ गैंगरेप किया था।