नगर के शिकारपुर बाईपास स्थित काली नदी पुल के नजदीक बुधवार को दोपहर बाद ट्रक ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और दो बच्चे घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर देरी से पहुंची पुलिस का आसपास के लोगों ने हंगामा कर दिया। इसके चलते डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना ककोड़ क्षेत्र के हुसैनपुर काजिमपुर गांव निवासी सुरेंद्र पत्र किरनपुल अपनी पत्नी रीना और तीन बच्चों के साथ खानपुर अपनी ससुराल से बाइक से गांव लौट रहा था। बुधवार दोपहर बाद करीब दो बजे जब वह शिकारपुर बाईपास पर काली नदी पुल के नजदीक पहुंचा तो पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी।
उसकी पत्नी और छह वर्षीय बेटे रोहित की मौके पर मौत हो गई। हादसा होते ही आसपास के दुकानदार और लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के देरी पर पहुंचने पर मौजूद लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया और इसी दौरान जाम लग गया।
जाम लगते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, मगर करीब डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे वाहन चालक और यात्री गर्मी से परेशान हो गए।
जाम खुलने के बाद ही सभी ने राहत की सांस ली। उधर, थाना कोतवाली इंचार्ज रामसैन सिंह ने बताया कि ट्रक चालक इरशाद पुत्र याकूब निवासी रबूपुरा को हिरासत में ले लिया है।