डिप्रेशन की शिकार एक महिला ने पति के मोबाइल पर सुसाइड का मैसेज भेजकर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस गृहक्लेश में सुसाइड करने की आशंका जता रही है। राधानगर निवासी ललित पुत्र सतीश चंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे कंपनी के काम से झाझर जा रहे थे।
जैसे ही वह चोला के पास पहुंचे उनके मोबाइल पर पत्नी के नंबर से मैसेज आया, जिसमें लिखा गया था कि वह सुसाइड करने जा रही है। मोबाइल पर कॉल कर ललित ने पत्नी को आत्मघाती कदम उठाने से मना किया तो उसने फोन काट दिया।
इसके बाद उसने दोबारा फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद ललित ने अपनी मां को पूरी बात बताई। मां पहुंची तो पत्नी ने कमरा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद वह चोला से लौटकर घर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी।
दरवाजा तोड़कर देखा तो वह पंखे से लटकी हुई थी। ललित ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए तहरीर दी है। नगर कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि महिला डिप्रेशन में चल रही थी।