अलियाबाद गांव में वोट नही देने पर प्रधान पद के प्रत्याशी ने समर्थकों के साथ घर में घुसकर युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर अधमरा कर दिया।
गंभीर हालत में परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित ने प्रत्याशी समेत चार के खिलाफ तहरीर दी है।
अलियाबाद निवासी हंसराज पुत्र खानचंद ने पुलिस को बताया कि गांव में प्रधान पद के लिए पिछले दिनों वोट डाले गए।
एक प्रत्याशी को पता चला कि हंसराज ने उसे वोट नहीं दिया है। इस पर वह भड़क गया और बुधवार शाम करीब 6.30 बजे घर में घुस आया।
विरोध करने पर गाली-गलौंच कर आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। लहूलुहान हालत में उसे परिजन जिला अस्पताल ले गए।
पीड़ित ने प्रत्याशी समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। चौकी प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मतगणना के लिए एजेंट बनाए
ग्राम पंचायत चुनावों की मतगणना के लिए बृहस्पतिवार को खंड विकास कार्यालय में एजेंट बनाए गए। प्रत्याशियों के एजेंट बनने के लिए लोगों ने निर्धारित फार्म जमा किए।
ब्लॉक परिसर में दिन भर एजेंट बनने वालों की गहमागहमी रही। इस मौके पर अनेक प्रत्याशी भी मौजूद रहे। एडीओ पंचायत अजय कुमार ने बताया कि मतगणना स्थानीय डीएन इंटर कॉलेज में 13 दिसंबर को होगी।