रुकने का इशारा किया तो तस्कर ने पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ा दी, जिससे चौकी प्रभारी और कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस ने तस्कर का पीछा कर उसे दबोच लिया। तस्कर की कार से नौ पेटी अवैध हरियाणा की शराब बरामद की गई है। आरोपी पहले भी तस्करी के मामले में कई बार जेल जा चुका है।
झाझर चौकी प्रभारी दरोगा आनंदवीर सिंह ने बताया कि शनिवार शाम वह टीम के साथ झाझर-ककोड़ के बीच फौजी ढाबा के पास बैरियर लगाकर चेकिंग कर रहे थे। टीम में एसआई अशोक कुमार वशिष्ठ, कांस्टेबल महेंद्र और होमगार्ड कुलदीप व अमित थे।
इसी बीच सूचना मिली कि एक कार में हरियाणा से अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस अलर्ट हो गई। थोड़ी देर बाद एक सफेद कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने कार की स्पीड बढ़ाकर बैरियर तोड़कर पुलिस टीम पर अपनी कार चढ़ा दी, जिसमें दरोगा आनंदवीर सिंह और सिपाही महेंद्र घायल हो गए।
पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी चालक कार लेकर खुर्जा इनायतपुर की तरफ भागने लगा। कुछ दूरी तय करने के बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में फंस गई। टीम ने मौका पाकर कार चालक को दबोच लिया। आरोपी की पहचान कुबेर दत्त पुत्र जगदीश दत्त निवासी आवास विकास द्वितीय बुलंदशहर के रूप में की गई है।
तलाशी के दौरान उसकी कार से हरियाणा मार्का की 9 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 27 हजार रुपये आंकी गई जा रही है। घायल आनंदवीर सिंह और सिपाही ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कि दोनों के हाथों और घुटने में चोट आई है।