नगर कोतवाली क्षेत्र में डीएम रोड पर चेकिंग कर रही महिला दरोगा से बाइक सवार दो अधिवक्ताओं ने अभद्रता कर दी। बचाव में आए कांस्टेबल से मारपीट की और उसकी वर्दी फाड़ दी। सूचना पर पहुंची नगर पुलिस दोनों आरोपियों को कोतवाली ले आई। सूचना मिलते ही अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए। नगर कोतवाल ने थाने से जमानत देकर दोनों को छोड़ दिया।
आवास विकास चौकी प्रभारी गयाश्री चौहान ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे वह टीम के साथ डीएम रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थीं। तभी एक बाइक पर तीन लोग आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा किया तो बाइक सवारों ने अभद्रता शुरू कर दी। इसी बीच बाइक पर बैठा एक व्यक्ति भाग खड़ा हुआ।
जबकि दो लोगों ने महिला दरोगा गयाश्री चौहान से सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि जब कांस्टेबल सचिन कुमार ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी वर्दी फाड़ दी।
दोनों की पहचान शिवम चौधरी पुत्र बाल किशन निवासी बिजलीपुर थाना खुर्जा देहात और प्रमोद कुमार पुत्र एसएल सिंह निवासी कनकपुर थाना सिकंदराबाद के रुप में हुई। पुलिस दोनों को कोतवाली ले गई। सूचना मिलते ही कुछ अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए।
नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि दोनों अधिवक्ताओं के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालना और महिला दरोगा से अभद्रता करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों को थाने से जमानत पर छोड़ा गया है।