जहांगीरपुर कस्बा स्थित पीएनबी में कैश न मिलने से परेशान लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। हंगामा करते हुए लोगों ने खुर्जा-जेवर मार्ग (स्टेट हाईवे) पर जाम लगा दिया। आवागमन बाधित होने से एंबुलेंस समेत अन्य वाहन करीब डेढ़ घंटे तक फंसे रहे। स्थानीय चौकी पुलिस के समझाने के बाद भी जब लोग नहीं माने।
हंगामे की सूचना पर तहसीलदार जेवर, कोतवाली प्रभारी जेवर समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। किसी तरह समझाबुझाकर लोगों को वहां से हटाया। वहीं खुर्जा में भी ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स में कैश न मिलने से लोगाें ने हंगामा करते कबाड़ी बाजार चौराहे पर दस मिनट तक जाम लगाए रखा। सीओ समेत पुलिस टीम ने किसी तरह लोगों को हटाकर जाम पर काबू पाया।
जहांगीरपुर स्थित पीएनबी बैंक में पिछले एक सप्ताह से कैश न होने के कारण लोग परेशान हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को पांच लाख रुपये कैश बैंक पर आया था। कैश लेने के लिए सुबह से ही लोगों की लंबी लाइन लग गई लेकिन कुछ ही देर में कैश खत्म होने के कारण बैंक कर्मियों ने लाइन में खड़े लोगों को कैश देने से मना कर दिया।
इसे लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा सुबह करीब 11 बजे लोग खुर्जा-जेवर मार्ग पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची स्थानीय चौकी पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। उधर जाम लगने के कारण वाहनों का तांता लग गया। जाम में एंबुलेंस भी फं सी रही।
मामला बढ़ने की सूचना पर जेवर तहसीलदार संजय कुमार, कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार समेत पुलिस फोर्स पहुंच गई। भाकियू भानू के महासचिव दीपक चौधरी और अन्य लोगों की मदद से पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मसक्कत के बाद करीब 12.30 बजे जाम हटने के बाद आवागमन सुचारु हो पाया।
पीएनबी शाखा प्रबंधक आरबी त्रिवेदी ने बताया कि कैश की काफी शार्टेज है। पांच लाख रुपये आए थे जो लोगों को बांट दिए गए। कैश आने के बाद ही अन्य को रुपये दिए जाएंगे।
उधर खुर्जा नगर स्थित कबाड़ी बाजार में ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स पर कैश न मिलने से लोगों ने सुबह 11 बजे चौराहे पर जाम लगा दिया। करीब 10 मिनट बाद सूचना पर पहुंचे सीओ विजय प्रकाश सिंह ने टीम के साथ लोगों को समझाबुझाकर जाम हटवाया।