ख्वासपुर गांव में बंद पड़े उप स्वास्थ्य केंद्र से प्रशासन ने कब्जा हटवा दिया है। वहीं, ग्रामीणों ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से जल्द डॉक्टर की तैनाती की मांग की है। बता दें कि अस्पताल पर कब्जा संबंधी समाचार अमर उजाला ने 24 नवंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसके बाद अफसरों ने आनन-फानन में अस्पताल को कब्जा मुक्त करवाया। करीब छह साल पहले ख्वासपुर में 10 लाख से अधिक की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र बनाया गया था। जब से यह केंद्र बनकर तैयार हुआ खुला नहीं। शिकायत के बाद भी यहां डॉक्टर की तैनाती नहीं हुई।
धीरे-धीरे एक ग्रामीण ने अपना आवास बनाकर इस भवन को घेर के रूप में इस्तेमाल करने लगा था। कब्जा मुक्त कराए जाने के बाद ग्रामीणों ने अमर उजाला का आभार जताया है। ग्रामीण महेश शर्मा, योगेश शर्मा, नौनिहाल मास्टर, पूर्व प्रधान पवन, दीपक और पूरन ने कहा कि अस्पताल कब्जा मुक्त तो गया।
उधर, वैर चिकित्सा प्रभारी डॉ. जगदीश यादव का कहना है कि ख्वासपुर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र को कब्जा मुक्त करवा लिया गया है। जल्द डॉक्टर की तैनाती की जाएगी।