पावर कारपोरेशन के ककोड़ उपखंड में हुए फर्जीवाड़े में फंसे 359 उपभोक्ताओं पर एफआईआर की तलवार लटक गई है। एमडी ने सभी उपभोक्ताओं के खिलाफ आरसी जारी करने और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी उपभोक्ताओं को सेक्शन तीन के तहत नोटिस पहले ही जारी हो चुके हैं।
सिकंदराबाद खंड के ककोड़ उपखंड में पीडी (स्थायी विच्छेदन) के नाम पर 76 लाख रुपये की चपत विभाग को लगाई गई। मामला खुलते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बाबू पंकज कुमार को निलंबित कर दिया गया।
खुद मामले की जांच अब अधीक्षण अभियंता कर रहे हैं। सभी 359 उपभोक्ताओं से डिलीट किए गए बिलों की वसूली के लिए सेक्शन तीन के तहत नोटिस जारी कर दिए गए। मंगलवार को बुलंदशहर आए एमडी अभिषेक प्रकाश ने फर्जीवाड़े पर अफसरों को कड़ी फटकार लगाई।
सभी 359 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के निर्देश देते हुए आरसी जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के भी निर्देश जारी किए गए।