एनएच-91पर साइकिल की फ्रीव्हील फेंककर कार रुकवाने के बाद बदमाशों ने नोएडा से शाहजहांपुर जा रहे परिवार को बंधक बनाकर नगदी-जेवर लूट लिए। साथ ही मां और बेटी को खेत में खींचकर उनके साथ गैंगरेप किया। चार घंटे तक हाईवे किनारे कहर ढहाने के बाद लुटेरे भाग गए।
सूचना पर पहुंचीं डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की और थानेदार को जमकर फटकार लगाई। एसएसपी ने देहात कोतवाल रामसेन सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। आशंका है कि वारदात बावरिया गैंग ने की है। जिला शाहजहांपुर के एक गांव निवासी दो भाई नोएडा में परिवार सहित रहते हैं।
एक भाई ड्राइवरी और दूसरा एक निजी कंपनी में गार्ड की नौकरी करता है। बड़े भाई ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि करीब 10 दिन पहले मां का बीमारी के चलते देहांत हो गया था। शनिवार को गांव में तेरहवीं में शरीक होने के लिए परिवार सहित जा रहे थे।
एसेंट कार में दोनों भाई, दोनों की पत्नी, छोटे भाई की 13 वर्षीय बेटी और बड़े भाई का 10 वर्षीय बेटा समेत छह लोग थे। छोटा भाई कार चला रहा था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे नोएडा से शाहजहांपुर के लिए चले थे। रात करीब 11.30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर दोस्तपुर गांव के पास फ्लाईओवर पर अचानक टायर फटने की आवाज हुई।
कार रोककर टायर चेक किया तो 6-7 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाश कार समेत परिवार को अंडरपास तक ले गए। दोनों भाईयों और 10 वर्षीय लड़के को कार के पास बंधक बना दिया। दरिंदे दोनों महिलाओं और नाबालिग लड़की को खेत में खींचकर ले गए। वहां आरोपियों ने मां-बेटी के साथ बारी-बारी से रेप किया।
दरिंदे शनिवार सुबह करीब चार बजे लूटपाट कर भाग गए। सूचना पर पहुंची देहात पुलिस ने अधिकारियों को जानकारी दी। घटना की गंभीरता को लेकर डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की। लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने कोतवाली देहात के प्रभारी को लाइनहाजिर कर दिया है। सूत्रों का मानना है कि बदमाश बावरिया गैंग के हो सकते हैं।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वारदात के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही के चलते इंस्पेक्टर रामसेन सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। - वैभव कृष्ण-एसएसपी