अवैध कटान में वन रक्षकों के शामिल होने का वीडियो वायरल हो गया है। इसमें वन रक्षक क्षेत्र में अवैध कटान में वसूली की बात स्वीकारने के साथ ही अपने क्षेत्र में पेड़ कटान के रुपयों के बंटवारे को लेकर झगड़ रहे हैं। क्षेत्र में यह वीडियो चर्चा का विषय बना है।
क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हरे पेड़ों का अवैध कटान हो रहा है। कटान में वन रक्षकों के शामिल रहने की शिकायतें उच्चाधिकारियों को मिलती रहती हैं, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। यही कारण है कि अवैध कटान बढ़ रहा है। वायरल हुए दो वन रक्षकों हामिद और राजकुमार के झगड़े में दोनों पेड़ कटान वाले क्षेत्र को अपना बताते हुए एक-दूसरे से बॉर्डर छोड़ने की बात कह रहे हैं।
वन रक्षकों के पास कुछ लकड़ी काटने वाले भी खड़े हैं, जिनसे लकड़ी की वसूली की रकम को लेकर कहासुनी हो रही है। इसमें एक वन रक्षक स्पष्ट रूप से लकड़ी काटने की एवज में एक हजार रुपये लेने की बात स्वीकार रहा है। अवैध कटान की एवज में एक वन रक्षक द्वारा लिए गए पांच सौ रुपये को कम बताया जा रहा है।
लकड़ी काटने वाला स्पष्ट बता रहा है कि जहां भी कटान होता है वहां रुपया दिया जा रहा है। लगातार कम हो रही हरियाली के चलते पेड़ कटान पर रोक है। ऐसे में विभागीय कर्मचारियों का कटान में लिप्त होना गंभीर मामला है।
यह सुविधा शुल्क नहीं
कटान करने वालों से अपनी धनराशि मांगी गई है। किसी भी प्रकार का कोई सुविधा शुल्क नहीं मांगा जा रहा है। वीडियो दो दिन पुरानी है। उस वक्त क्षेत्र में उनका चार्ज था। वन रक्षक राजकुमार जबरन क्षेत्र में घूम रहा था। कल बृहस्पतिवार को चार्ज छोड़ा गया है जिनके स्थान पर राजकुमार ने चार्ज लिया है। - हामिद
होगी जांच
मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - आरपी सिंह, रेंजर अधिकारी स्याना
डीएफओ करेंगे जांच
सीडी बनवाकर डीएफओ को भेजी जाएगी तथा उचित कार्रवाई के लिए कहा जाएगा। - हिमांशू कुमार गुप्ता, एसडीएम स्याना