कोतवाली देहात की ठंडी प्याऊ चौकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे-91 स्थित तिराहे पर ब्रह्मानंद पब्लिक स्कूल बस में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 17 बच्चे घायल हो गए। हादसे का कारण कोहरा बताया जा रहा है। स्कूल की ओर से रोडवेज बस चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली देहात क्षेत्र में नेशनल हाईवे-91 के पास ब्रह्मनंद पब्लिक स्कूल है। स्कूल की बस बुलंदशहर में विभिन्न स्थानों से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बस में करीब 30-40 बच्चे सवार थे। बस चालक शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे आजाद पब्लिक स्कूल की तरफ से नेशनल हाईवे-91 स्थित तिराहे पर पहुंचा।
उसने जैसे ही खुर्जा की तरफ से आ रहे रास्ते की तरफ जाने के लिए बस को हाईवे पर लिया तो दिल्ली की तरफ से आ रही बुद्धविहार डिपो की रोडवेज बस ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूल बस पलट गई।
हादसे में शुभम (13), निशांत (11), रजत (10), हार्दिक (15), निखिल (16), शशांक (15), करुणा (10), यश (13), लकी (10), अनुराग (12), गौरव (16), प्रिया (13), गरिमा (18), ज्योति (15), मेघा (16), रिषी (16) और हरशिखा (16) समेत 17 स्कूली बच्चे घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। बीपीएस की प्रिंसिपल छवि शर्मा ने बताया कि हादसा होते ही पूरा स्टॉफ मौके पर पहुंच गया था।