लगातार लूट की वारदातों को रोकने में नाकाम पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़े पांच लुटेरों पर ही 10 थानों में हुई 17 लूटों का खुलासा कर दिया। जिसमें हाल ही में शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र में फौजी को गोली मारने वाली घटना भी शामिल है। पुलिस ने लूट का माल खरीदने वाले एक सुनार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी देहात जगदीश शर्मा ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान चौखे पुत्र गंगाशरण, गजेन्द्र पुत्र अमरसिंह, पुष्पेन्द्र पुत्र नरेश निवासी नरसेना, तेजवीर पुत्र डालचंद निवासी सरायदुल्लाह सिकंदराबाद, रविंद्र पुत्र चंद्रपाल निवासी औरंगाबाद थाना सिंभावली जिला हापुड़ के रूप में हुई।
उनके पास से तीन बाइक, तीन तमंचे, छह कारतूस और अलग-अलग वारदातों में लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद हुए हैं। बदमाशों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लूट का माल खरीदने वाले सुनार कैलाश पुत्र वेदप्रकाश निवासी औरंगाबाद को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बदमाशों ने दो सप्ताह पहले शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र में फौजी को गोली मारने वाली घटना को भी कबूलकिया। इसके बाद पुलिस ने जिले के 10 थानों में हुई चैन, बाइक लूट की करीब डेढ़ दर्जन घटनाओं को खोल दिया।