सभासद से मांगी दो लाख की रंगदारी
- फोटो : अमर उजाला
साठा के सभासद से फोन पर नंबर बदल-बदलकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रुपये नहीं देने पर आरोपियों ने परिवार सहित हत्या की धमकी दी है। सभासद ने मोहल्ले के दो युवकों को नामजद कराया है।
दोनों आरोपी पहले भी एक लड़की का अश्लील विडियो बनाकर सोशल साइट पर डालने की धमकी दे चुके हैं। पुलिस ने तहरीर दी है। साठा निवासी मनमोहन यादव उर्फ चीकू पुत्र मुरलीधर यादव ने पुलिस को बताया कि वह साठा से सभासद हैं।
मोहल्ले के दो लड़के कुछ समय से उन्हें दो लाख रुपये की मांग कर फोन पर धमकी दे रहे थे। रंगदारी नहीं देने पर परिवार सहित हत्या की भी धमकी दी है। आरोपी रोज मोबाइल नंबर बदल देते हैं। सभासद ने बताया कि दोनों आरोपी मोहल्ले की एक युवती की अश्लील वीडियो बनाकर सोशल साइट पर डालने की धमकी दे चुके हैं।
नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।