कोतवाली क्षेत्र के सूरजपुर निफ्सी गांव में डीजे ने होली का रंग बदरंग कर दिया। डीजे पर डांस के दौरान दो पक्षों के लोग भिड़ गए। मारपीट, पथराव और आगजनी में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से दो लोगों को जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
सोमवार को क्षेत्र के सूरजपुर निफ्सी गांव में दलित मोहल्ला में डीजे चल रहा था। उसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने महिलाओं पर छींटाकशी कर दी, जिसको लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों तरफ से मारपीट और पथराव शुरू हो गया।
इसमें दोनों पक्षों के नीतू, राजकुमार, रेखा, नितेश, चंचल, मीनू, कीर्ति, हरिराज और वीरपाल घायल हो गए। हरिराज व वीरपाल को बुलंदशहर रेफर किया गया है। एक छप्पर में कुछ लोगा ने आग लगा दी। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आगजनी को अंजाम देने का आरोप लगा रहे हैं। सूचना पर सीओ विजय प्रकाश मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की।
दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ है। लेकिन छप्पर में आग दलित पक्ष ने दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए लगाई है। तहरीर मिलने पर दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
डांस के दौरान हार्टअटैक से महिला की मौत
सोमवार रात होली पर डांस का कार्यक्रम चल रहा था। अंजलि भी डीजे पर डांस कर रही थी। डांस करते समय अंजलि की तबीयत अचानक खराब हो गई। वह बेहोश होकर डांस फ्लोर पर गिर गई। पिता व रिश्तेदारों ने अंजलि को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हरवीर ने बताया कि चिकित्सकों ने हार्टअटैक से अंजलि की मौत होना बताया है। इंस्पेक्टर वीके मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता लगेगा।