लापरवाही किसी की हो...अब नगर कोतवाली क्षेत्र के देवीपुरा में ट्रांसफार्मर के करंट से झुलसा युवक अपाहिज हो गया। बताया जा रहा है कि युवक का एक हाथ काटना पड़ा है। साथ उसके पैर बेकार हो गए हैं। युवक के पिता ने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाकर तहरीर दी है।
जबकि जेई ने युवक पर शराब पीकर ट्रांसफार्मर पर चढ़ने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। घटना के बाद लोगा ने जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि शनिवार रात देवीपुरा प्रथम में ट्रांसफार्मर के पास करंट लगने से शिवा उर्फ द्दू (35) पुत्र पृथी बुरी तरह झुलस गया था। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल पहुंचा गया, जहां से उसे मेरठ रेफर किया गया था।
हादसे के बाद गुस्साए मोहल्ले के लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते जाम लगाने की कोशिश की थी। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस से लोगों ने बताया कि विद्युत विभाग ने ट्रांसफार्मर के चारों ओर जाल नहीं लगाया है, जिसके चलते यह हादसा हुआ। सूचना पर रालोद नेता गुड्डू पंडित अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और युवक के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
शिवा के पिता पृथी ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। जबकि विभाग की ओर से जेई ने युवक पर शराब पीकर ट्रांसफार्मर पर चढ़ने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। रविवार दोपहर जानकारी मिली कि करंट से झुलसे शिवा का हाथ कट गया है और पैर बेकार हो गए हैं।
शिवा के पिता पृथी सिंह ने हादसे की तहरीर दी है। जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डीपी सिंह, एसएसआई, कोतवाली नगर
21 जनवरी की रात अज्ञात युवक नशे में कमल बेल्डिंग वाले के पास रखे ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया था। करंट लगने से हादसा हुआ है।
- साजिद, जेई, सबस्टेशन-1 देवीपुरा
एचटी लाइन का तार टूटकर गिरने से दो पशु मरे
भमरा गांव में रविवार को एचटी लाइन का तार टूटकर किसान के घेर पर गिरने से कटिया व बकरी की मौत हो गई। पीड़ित ने हादसे की सूचना 100 नंबर पर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पशुओं के पोस्टमार्टम कराने की बात कही है। कलुआ ने थाने में घटना की तहरीर भी दी है। पीड़ित किसान कलुआ ने बताया कि उसके घेर में पशु बंधे हुए थे।
रविवार दोपहर अचानक एचटी लाइन का तार टूटकर गिर गया, जिससे बकरी व कटिया की मौत हो गई।