जंक्शन रोड पर लूट के बाद पीड़ित युवक से पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : ब्यूरो
जंक्शन रोड पर दिन दहाड़े बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने युवक से 35 हजार रुपये लूट लिए। डंडा मारकर बदमाशों ने युवक को गिरा दिया और रुपये लूट कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस में तहरीर दी है।
जहांगीरपुर क्षेत्र के गांव परौरी निवासी योगेश पुत्र वीरपाल, शुक्रवार दोपहर बाइक से बैंक में रुपये जमा करने खुर्जा आ रहा था। ब्लॉक कार्यालय के पास पहले से खड़े नकाबपोश बाइक सवार दो युवकों ने योगेश को डंडा मारकर गिरा दिया। जब तक योगेश संभलता दोनों युवक योगेश से 35 हजार रुपये लूटकर भाग गए।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने 100 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की काफी तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। उधर पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।