जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए विवादित बयान की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर भाजपा नेत्री की तहरीर के सातवें दिन नगर कोतवाली पुलिस ने सदर विधायक हाजी अलीम खान के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। साथ ही भाजपा नेत्री से मिले वीडियों की जांच शुरू कर दी है।
भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष वंदना शर्मा ने छह जनवरी को एसपी सिटी मान सिंह चौहान को तहरीर दी थी कि 28 दिसंबर को बुलंदशहर में हुई जनसभा में सदर सीट से बसपा विधायक हाजी अलीम खान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया था।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वंदना शर्मा ने मांग थी कि विधायक के खिलाफ राष्ट्रद्रोह, समाज व जनता को बांटने का संबोधन का मामला दर्ज किया जाए। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने सीओ सिटी प्रीति सिंह को मामले की जांच सौंपी थी।
सीओ सिटी ने जांच के बाद नगर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि सदर विधायक हाजी अलीम के खिलाफ आईपीसी की धारा 295ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता से वीडियो भी मिला है जिसकी जांच की जा रही है।
अलीम ने प्रधानमंत्री को बोला-डाकू
भाजपा जिला उपाध्यक्ष वंदना शर्मा की ओर से दी गई तहरीर और दर्ज रिपोर्ट में उल्लिखित है कि अलीम खान ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डाकू कहकर पुकारा है। उन्होंने कहा कि यह डाकू सुनियोजित तरीके से डाका डाल रहा है। साथ ही कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम को ही नहीं देश को बांटने का काम कर रही है।
मैंने कोई विवादित बयान नहीं दिया है। मुझ पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। - हाजी अलीम खान, विधायक, सदर