पावर कारपोरेशन के ककोड़ में हुए फर्जीवाड़े में चीफ इंजीनियर ने अफसरों को तलब किया है। साथ ही आरोपी पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी ने कोतवाल सिकंदराबाद को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
पावर कारपोरेशन के ककोड़ उपखंड में करीब 75 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा सामने आया है। बाबु पंकज कुमार ने पीडी के नाम पर बिजली के बिलों को डिलीट कर दिया था। इसके चलते पंकज कुमार को निलंबित कर जांच टीम गठित कर दी गई थी।
बताया गया कि एसडीओ ककोड़ ने तहरीर दी थी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की। अब चीफ इंजीनियर गाजियाबाद एसके गुप्ता ने अफसरों से कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की है। इसके अलावा बाबु के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराने का कारण पूछा है।
चीफ इंजीनियर की सख्ती से अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसडीओ ककोड़ विवेक रोष एसपी सिटी मान सिंह चौहान के दफ्तर पहुंचे और बाबू के खिलाफ तहरीर दी। एसपी सिटी ने कोतवाल को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
स्याना फीडर घोटाला अफसरों से मांगा जवाब
पावर कारपोरेशन के स्याना खंड में हुए फीडर घोटाले में शासन ने अफसरों से जवाब-तलब किया है। शासन की तरफ से पूछा गया है कि स्याना में किरौंठी लिंक लाइन फर्जीवाड़े में क्या कार्रवाई की गई।
बता दें कि दो साल पहले स्याना में किरौंठी लिंक लाइन फर्जीवाड़ा सामने आया था। ठेकेदार ने अफसरों की शह पर स्टोर से 40 लाख रुपये का सामान फर्जी तरीके से निकाल लिया था।
आरोपी पंकज कुमार के खिलाफ एसडीओ ककोड़ को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। चीफ इंजीनियर को पूरे मामले की रिपोर्ट भेजी जा रही है।
राकेश कुशवाहा, अधीक्षण अभियंता
एसडीओ ककोड़ विवेक रोष की तरफ से तहरीर मिल चुकी है। मामले में एफआईआर दर्ज करने के लिए कोतवाल सिकंदराबाद को निर्देश दिए गए हैं।
मान सिंह चौहान, एसपी सिटी