नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती से गैंगरेप की कोशिश और वीडियो क्लीपिंग बनाने के सनसनीखेज मामले की पुलिस जांच में पूरी तरह से हवा निकल गई।
पुलिस जांच में मामला पूरी तरह प्रायोजित निकला। पुलिस की माने तो मामला दो पक्षों में पुरानी रंजिश से जुड़ा है। दूसरे पक्ष को फंसाने के इरादे से एक पक्ष ने युवती से जबरन तहरीर लिखकर हस्ताक्षर कराते हुए कोतवाली पुलिस से शिकायत की थी।
पुलिस पूछताछ में युवती ने सब उगल दिया। अब पुलिस युवती पर जबरन दवाब बनाने वाले पक्ष पर कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
एसएचओ खुर्जा राकेश शर्मा ने बताया कि नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती के मुताबिक मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने वर्ष 2014 में उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था।
मामले में एक आरोपी जेल गया था। जो अभी हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया है। पुलिस की माने तो उसे फिर से जेल में डालने के लिए एक पक्ष ने युवती से हस्ताक्षर करवाकर मनगढ़त तहरीर बनाकर कोतवाली पुलिस को दी।
सोमवार को तहरीर मिलने के जब कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के घर जाकर उससे पूछताछ की तो सारा भांडा फूट गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मोहल्ला निवासी दो पक्षों में वर्षो से पुरानी रंजिश चल रही है। इसके चलते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को फंसाने का प्रयास किया।