कैंडल मार्च निकालने के दौरान बुधवार रात 10.30 पर दो समुदाय के लोगों में मारपीट हो गई। मामले में नगर के गणमान्य लोगों की मध्यस्थता के बाद समझौता हो गया। हालांकि, पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बता दें कि मोहल्ला सराय झाझन के लोगों द्वारा उड़ी में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च निकाला जा रहा था।
आरोप है कि कैंडल मार्च जैसे ही बाला जी मंदिर के पास पहुंचा तो दूसरे समुदाय के एक युवक ने कैंडल मार्च को लेकर टिप्पणी कर दी। मार्च में मौजूद कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट की। कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने कोतवाली पर हंगामा कर दिया। तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया।
पुलिस की सतर्कता के चलते बृहस्पतिवार सुबह तक नगर के हालात सामान्य हो गए। वहीं, कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष कोई कार्रवाई नहीं चाहते, दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।