नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले भाजपा नेता पर जमीनी विवाद के चलते अपने भतीजे को पीटने और फायरिंग करने का आरोप लगा है। पुलिस ने भाजपा नेता समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नजीमपुरा भूड़ निवासी नीरज वर्मा की पत्नी गुंजन वर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके पति नीरज का अपने चाचा महेश लोधी, बिजेंद्र लोधी, दिनेश लोधी से जमीनी रंजिश चल रही है। आरोप है कि उनकी जमीन में भाजपा नेता महेश लोधी ने अपना नाम धोखे से चढ़वा लिया जो तहसील से मुकदमे के बाद काट दिया गया था।
इससे ये लोग रंजिश मानते हैं। आरोप है कि शनिवार रात महेश लोधी, बिजेंद्र, दिनेश, पुष्पेंद्र, शिवम और राजकुमारी घर में घुस आए और मारपीट की, जिससे पति नीरज का हाथ टूट गया। गुंजन वर्मा ने अपने पति की जान को खतरा बताया है। पुलिस ने मामूली धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।