अरनिया थाना क्षेत्र में चेकिंग के लिए रुकने का इशारा करने पर युवकों ने होमगार्ड पर बाइक चढ़ा दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल होमगार्ड को कैलाश अस्पताल नोएडा में भर्ती कराया गया है। उधर, पुलिस आरोपी तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे अरनिया थाने के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। टीम के साथ मौजूद होमगार्ड ईशनपुर गांव निवासी राजकुमार ने बाइक सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया। इससे गुस्साए युवकों ने सामने खड़े होमगार्ड पर बाइक चढ़ा दी।
हादसे में तीनों युवक भी अनियंत्रित होकर गिर गए। उधर, हादसे में घायल होमगार्ड को आसपास के लोगों की मदद से पुलिस कर्मियों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे नोएडा के लिए रेफर कर दिया गया है। उधर, पुलिस टीम ने बाइक सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।