नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शेख सराय निवासी व्यापारी से फोन पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने खुद को बलराज भाटी बताया है। साथ ही उसने नोएडा में रुपये मंगवाए हैं। रुपये ने देने पर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला शेख सराय निवासी मुकेश अग्रवाल पुत्र स्व. फतहचंद ने तहरीर में बताया कि वह खाद बीज का थोक व्यापारी है। बुधवार रात 11 बजे मोबाइल पर अज्ञात नंबर से धमकी भरी कॉल आई। इसके बाद 29 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे जब अधिवक्ता के चैंबर में बैठा तो उसी नंबर से दोबारा कॉल आई।
कॉल करने वाले ने स्वयं को बलराज भाटी बताया। गाली देकर कहा कि 10 लाख रुपये लेकर नोएडा आ जा। इतना सुनते ही फोन काट दिया। इसके बाद फोन पर एसएमएस आया। जिसमें लिखा था कि 10 लाख रुपये नोएडा लेकर आ जा... बलराज भाटी।
पीड़ित के मुताबिक उसने यह बात फोन में रिकॉर्ड कर ली है। धमकी मिलने के बाद से पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है। नगर कोतवाल आरके सिंह ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
50 हजार का इनामी है बलराज भाटी
कटार दंपत्ति और उसके भाई गुलाब सिंह समेत एक दर्जन से अधिक लोगों की हत्या कर चुके शिवनगर ढूंसरी थाना शिकारपुर निवासी बलराज भाटी पर शासन ने 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। इन दिनों उसका गुर्गा अवनेश उर्फ अन्नी गुर्जर पुलिस हिरासत से फरार चल रहा है। बलराज भाटी की धमकी भरी कॉल से पुलिस एक बार फिर चौकन्नी हो गई है।