नगर कोतवाली क्षेत्र में स्नैचर, मोबाइल छीनने वाले और जेब कतरे सक्रिय हैं। तीन दिन पहले जेबकतरों ने बैंक के अंदर एक ठेकेदार की जेब से 50 हजार रुपये उड़ा लिए। ठेकेदार के अनुसार जेबकतरे का चेहरा सीसीटीवी में कैद हो गया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शीतलगंज निवासी जयकिशन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ठेकेदारी का काम करता है। तीन दिन पहले वह सिविल लाइन स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 50 हजार रुपये निकालने गया था। रुपये जेब में रखकर जब बैंक के गेट पर पहुंचा तो जेब कटी हुई थी। पीछे मुड़कर देखा तो कोई नहीं था।
जय किशन का दावा है कि जेबकतरे का चेहरा बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।