कोतवाली क्षेत्र में अगवाल फाटक के पास बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े तमंचे के बल पर दो सेल्समैनों से 40 हजार लूट लिए। पीड़ित पेमेंट लेकर बुलंदशहर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कांबिंग की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
बुलंदशहर के साठा मोहल्ला निवासी राजेश के मेडिकल एजेंसी पर काम करने वाले सेल्समैन चंद्रप्रकाश और वीरपाल बृहस्पतिवार को खुर्जा में बकाए की वसूली करने गए थे। शाम करीब 4.30 बजे वह बुलंदशहर बाइक से लौट रहे थे। तभी अगवाल फाटक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक ली।
इसके बाद तमंचे के बल पर आतंकित कर बदमाशों ने सेल्समैनों से 40 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट भी की। सूचना पर सीओ चंद्रधर गौड़, इंस्पेक्टर धनंजय मिश्र और देहात थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
खुर्जा में महिला कैश-गहने लूटे
कोतवाली क्षेत्र में कचहरी मार्ग पर दिन-दहाड़े बदमाशों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर महिला से नकदी और ज्वेलरी लूट ली। बेहोशी की हालत में बदमाश उसे वहीं छोड़कर भाग गए। पीड़िता बैंक से रुपये निकालने के बाद अपने घर जा रही थी। होश में आने के बाद पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है।
बृहस्पतिवार सुबह मोहल्ला नई बस्ती निवासी राधा पत्नी ओमप्रकाश ने कचहरी मार्ग स्थित विजया बैंक से 20 हजार रुपये निकाले। रुपये निकालने के बाद वह अपने घर जा रही थी। इसी दौरान दो युवक पहुंचे और मौका देखकर राधा को नशीला पदार्थ सुंघा कर बेहोश कर दिया।
बदमाशों ने महिला के बैग में रखी 20 हजार नकदी, सोने की चेन, अंगूठी, चूड़ी समेत करीब 80 हजार रुपये का सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बेहोशी की हालत में राधा को छोड़कर भाग गए। होश आने पर महिला ने लोगों को आपबीती बताई। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर पीड़िता ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।