कस्टडी से फरार चल रहे बदमाश अन्नी गुर्जर के साले मंते को औरंगाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि मंते ने ही अन्नी गुर्जर के नाम पर औरंगाबाद के व्यापारियों से रंगदारी मांगी थी। मंते अन्नी का गुर्गा है जो फोन पर रंगदारी मांगकर दहशत फैलाता है। पुलिस उससे पूछताछ में कर रही है।
पुलिस ने मंते को सोमवार सुबह जहांगीराबाद रोड पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। इस दौरान मंते ने पुलिस पर फायर भी किया, मगर वह पकड़ा गया। उसके कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा भी बरामद किया है। मंते पुत्र श्यौराज सिंह जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के करैथा गांव का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक यह अन्नी गुर्जर के लिए काम करता है। एसओ पोसीराम शर्मा ने बताया कि पूछताछ में मंते ने स्वीकार किया है कि हाल ही में औरंगाबाद के व्यापारियों से उसी ने खुद को अन्नी गुर्जर बताकर फोन पर रंगदारी मांगी थी। पूछताछ में मंते ने बताया कि अन्नी गुर्जर समय-समय पर फोन करके उसे दिशा-निर्देश देता था।
जिसके बाद वह व्यापारियों को फोन करके रुपयों की डिमांड करता था। हालांकि, रंगदारी मांगने के दौरान मंते खुद को ही अन्नी गुर्जर बताता था। मंते कई बार जेल में पहुंचकर अन्नी गुर्जर से मुलाकात भी करता था।