देहात क्षेत्र के बिचौला गांव में असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने के लिए बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह जब लोगों ने यह करतूत देखी तो उनका उनका गुस्सा भड़क गया। लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया।
हालांकि अब भी गांव में तनाव का माहौल है। बुधवार रात असामाजिक तत्वों ने खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव बिचौला में बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह वहां रह रहे बाबा रामानाथ ने शोर मचाया तो गांव के अन्य लोग पहुंचे। अंबेडकर की प्रतिमा टूटी हुई देखकर लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। बताया जा रहा है कि बुधवार रात गांव में बारात आई थी। आशंका है कि शराब के नशे में किसी ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया हो। वहीं, समाज के लोगों का आरोप है कि किसी ने जानबूझकर साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। राजवीर, कृष्ण, हरिचंद्र, हरफूल, वीरेन्द्र, नंद किशोर, भूपेन्द्र, सतपाल ने पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया है।
नाली से कूड़ा निकालने में दो पक्ष भिड़े, तनाव
ढांकर गांव में नाली से कूड़ा निकलने को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। मामला दो समुदायों के बीच का होने से गांव में तनाव है। हालांकि, पुलिस ने दो लोगों का चालान कर दिया है। ढांकर गांव निवासी सुभाष नाली से कूड़ा निकाल रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी ने इसका विरोध किया।
इसके चलते दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडो से हमला कर दिया। एक पक्ष से सुभाष, शैलेंद्र, सरोज और दूसरे पक्ष से फारुक, चांदू, हजरत और नियाजू घायल हो गए। दो समुदायों के बीच का मामला होने से गांव में तनाव है।
पुलिस ने सुभाष और दूसरे पक्ष से फरुक का चलान कर दिया है। कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्र ने बताया कि मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। तनाव की कोई बात नहीं है।