पहासू तिराहे पर वाहन तलाशी के दौरान खुर्जा पुलिस ने रविवार शाम अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग के तीन शातिरों को दबोचा है। तीनों की निशानदेही पर 21 चोरी की बाइक, बोलेरो और कार बरामद की गई है।
खुलासा हुआ है कि आरोपी वाहन चोरी करने के बाद कबाड़ी को बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों से तमंचा भी बरामद किया है। यह गिरोह अब तक 100 से अधिक वाहन चोरी कर चुका है।
एसएसपी पीयूष श्रीवास्तव व एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार शाम खुर्जा पुलिस पहासू तिराहे पर वाहनों की तलाशी ले रही थी। तभी सामने से आ रही एक बोलेरो को पुलिस ने रोका। जांच में पता चला कि गाड़ी चोरी की है।
पुलिस ने दोनों सवारों को हिरासत में ले लिया। शातिरों ने बताया कि उनका तीन लोगों का गैंग है। यह गैंग वाहनों को चुराकर कबाड़ी को बेचता हैं। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर तीसरे शातिर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान मुकेश खटीक पुत्र मदन कुमार निवासी नगलिया नारायनपुर थाना अरनिया, मुकेश राघव पुत्र बृजमोहन राधव निवासी पुनहैरा थाना जलेशर जनपद एटा, भोला उर्फ पवन पुत्र अशोक परासर निवासी पुनहैरा थाना जलेशर जनपद एटा के रूप में की गई है।
तीनों ने बताया है कि जनपद के अलावा नोएडा, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, हरियाणा व दिल्ली आदि जनपदों से वाहन चोरी करते थे। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 21 बाइक, बोलेरो व कार, तमंचा बरामद किया है।
एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि तीनों भीड़भाड़ वाले जगहों पर रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे। फिर वाहनों को सुरक्षित जगहों पर एकत्रित कर बेच देते थे।