युवक की गोली मारकर हत्या, नहीं हुई शिनाख्त
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव ततारपुर के पास एक अज्ञात युवक का गोली लगा शव मिला। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। माना जा रहा है कि युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया था। हालांकि, पुलिस अभी मामले में ज्यादा कुछ नहीं बता पा रही है। शव को अज्ञात में ही मोर्चरी भिजवा दिया गया है। शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
नगर कोतवाली पुलिस को मंगलवार दोपहर फोन पर सूचना मिली कि क्षेत्र के गांव ततारपुर के पास किसी युवक की गोली मारकर हत्या कर शव को फेंक दिया गया है। बताया गया कि मंगलवार दोपहर कुछ ग्रामीणों और राहगीरों ने शव को गांव ततारपुर के पास पड़ा देखा था। जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव की शिनाख्त की कोशिश की लेकिन, शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। बाद में नगर कोतवाली पुलिस ने शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। नगर कोतवाल ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि शव की उम्र करीब 28 वर्ष है। शव काले रंग की पैंट, मटमैले रंग की शर्ट और सफेद रंग की बेल्ट पहन रखी है। शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। गले के पास और सीने पर गोली लगने के दो निशान हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।