50 लाख की मार्फीन के साथ एक तस्कर को दबोचा
बलरामपुर। 50 लाख रुपये की 250 ग्राम मार्फीन के साथ पुलिस ने एक तस्कर को धर दबोचा है। देहात थाने की पुलिस ने कोआनो जंगल के पास तस्कर की धर पकड़ की है। पकड़े गए तस्कर के पास से तमंचा भी बरामद किया गया है।
एसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार को बताया कि प्रभारी निरीक्षक देहात थाना संतोष कुमार सिंह ने मुखबिर की सूचना पर कुआनों जंगल के पास नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए तस्कर की पहचान जनपद पीलीभीत के थाना अमरहीया अंतर्गत ग्राम उदयपुर निवासी मोहम्मद सईद के रुप में हुई है। तस्कर के पास से 250 ग्राम मार्फीन व एक तमंचा बरामद किया गया है।
बरामद किए गए मार्फीन की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 50 लाख रुपये आंकी गई है। नशीला पदार्थ रखने के संबंध में तस्कर कोई अधिकार पत्र नहीं दिखा सका।
तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के दौरान एसआई सुरेश सिंह, स्वॉट प्रभारी दुर्गेश कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी चंद्रहास मिश्र, रोहित शुक्ल व जय प्रकाश आदि मौजूद रहे।