घायल बदमाशों को इलाज के बाद भेजा जेल
ककोड़। भीड़ की पिटाई से अधमरे हुए बदमाशों को पुलिस ने इलाज के बाद सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस बदमाशों के फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
बता दें कि कस्बा के मोहल्ला वैश्यान सुनहारों वाली गली निवासी व्यापारी रामबाबू सिंघल पुत्र कालूराम के घर में रविवार को दिनदहाड़े बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने बाबूराम को गनप्वाइंट पर लेकर नगदी, जेवरात लूट लिए थे। शोर की आवाज सुनकर पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने बदमाश गांव वीरपुरा थाना गभाना जनपद अलीगढ़ निवासी राजेश, गांव आकरी थाना गभाना जनपद अलीगढ़ निवासी सचिन को दबोच लिया था। जबकि उनके दो साथी फायरिंग करते हुए भाग गए थे। गुस्साई भीड़ ने पकड़े गए बदमाशों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। उनकी हालत गंभीर होने पर पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। एसओ आनंदवीर सिंह ने बताया कि घायल बदमाशों को उपचार के बाद सोमवार को जेल भेज दिया गया। वहीं बदमाशों के फरार साथियों के बारे में पता लगा लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है।