बाइक सवार ने पैदल जा रहे वृद्ध को रौंदा, मौत
डिबाई। कोतवाली क्षेत्र से गुजर रहे दिल्ली-बदायूं हाईवे पर बृहस्पतिवार देर शाम अज्ञात वाहन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित बाइक ने पैदल जा रहे वृद्ध को टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, गंभीर रुप से घायल बाइक सवार को हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया हेै। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
डिबाई क्षेत्र के गांव हुसैनपुरा निवासी कृपाल सिंह (40) पुत्र झरगद सिंह बृहस्पतिवार शाम नरौरा की ओर से बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था। बताया गया कि इस दौरान कृपाल से एक अज्ञात व्यक्ति ने रास्ते में उससे लिफ्ट ली थी। कृपाल बाइक पर पीछे बैठा था और उक्त अज्ञात व्यक्ति बाइक चला रहा था। बताया गया कि हाईवे पर कुबेर इंटर कालेज के निकट अज्ञात वाहन से बचने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पैदल जा रहे एक अज्ञात वृद्ध को टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कृपाल को सीएचसी पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, बाइक चला रहा अज्ञात आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर रात तक तहरीर नहीं दी गई थी।