कस्बे से एलपीजी सिलेंडर सप्लाई कर स्याना लौट रहे गैस एजेंसी के सेल्समैन से तीन बाइक सवारों ने लड़ाना के जंगल में 60 हजार रुपये लूट लिए। वारदात कर लुटेरे स्याना की ओर भाग गए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
शहीद सुरेंद्र इंडेन गैस सर्विस स्याना के सेल्समैन ब्रजपाल व बलवीर सिंह अपनी वितरक गाड़ी से एलपीजी सिलेंडर डिलीवर कर स्याना वापस आ रहे थे। लड़ाना-बिगराऊ गांव के बीच पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर तमंचों के बल पर गाड़ी रुकवा ली। बदमाशों ने ब्रजपाल से 60 हजार रुपये से भरा बैग छीनकर स्याना की ओर भाग गए।
सेल्समैन ने मैनेजर सतवीर सिंह को लूट की सूचना दी। उन्होंने स्याना कोतवाली में तहरीर दी तो पता लगा कि घटनास्थल थाना खानपुर का है। सैल्समेन ब्रजपाल ने थाना खानपुर पर लूट की तहरीर दी है।
सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर गई। थाना प्रभारी उमेश पंवार ने बताया कि घटना से संबंधित जानकारी की जा रही है। जल्द ही बदमाशों का पता लगाकर वारदात का खुलासा किया जाएगा।