कोतवाली पुलिस और एसओजी ने चोरी के 60 मोबाइल समेत पांच चोरों को गिरफ्तार किया है।
प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह ने बताया कि एसएसपी अनीस अहमद अंसारी के आदेशानुसार चोरों को दबोचने के लिए लगे हुए थे। सोमवार सुबह कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने जहांगीराबाद थाने के भईपुर दोराहे के पास मुखबिर की सूचना पर जहांगीराबाद मोबाइल बेचने जा रहे शातिर चोरों के इस गिरोह से चोरी के 60 मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चोरों का यह गिरोह दिन में घूमकर कस्बों में दुकानों की रेकी करते हैं और रात में वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने इस वारदात में शामिल बिट्टू, मनीष व दीपक निवासी गुलावटी और गोलू व किशन निवासी गाजियाबाद को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
बता दें कि कस्बे के बुलंदशहर बस स्टैंड स्थित योगेश मित्तल की मोबाइल की दुकान से 13 अगस्त की रात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए थे। अनूपशहर में बढ़ती चोरी की वारदातों से परेशान पुलिस की एसओजी व सर्विंलांस आदि की टीमें एसपी देहात पंकज पांडे के निर्देशन में वारदातों का खुलासा करने में जुटी हुई थीं।