घर में घुसकर युवती की गोली मारकर हत्या
फोटो समाचार
- पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच पड़ताल
- देर शाम तक नहीं दी गई थी तहरीर, गांव में तरह-तरह की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव अकबरपुर में शनिवार शाम एक युवती की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, अभी हत्या के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी है बताया गया कि युवती की करीब पांच वर्ष पूर्व शादी हो चुकी थी, लेकिन अभी तक उसकी विदाई नहीं हुई थी। परिजनों ने मृतका के पति पर हत्या का आरोप लगाया है। देर शाम तक मामले में तहरीर नहीं दी गई थी।
जानकारी के अनुसार देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी स्व. असलम की पुत्री अशरीन (18) का निकाह पांच-छह वर्ष पूर्व पड़ोसी गांव निवासी एक युवक से हो गया था। लेकिन, अभी उसकी विदाई नहीं हो सकी थी। वह अपने मायके में ही रह रही थी। बताया गया कि शनिवार शाम करीब छह बजे अशरीन अपने घर के अंदर वाले कमरे में मौजूद थी। इसी दौरान वहां कुछ लोग पहुंचे और अशरीन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मौके से फरार हो गए। अशरीन की गर्दन, पीठ व पैर पर गोली लगना बताया जा रहा है। गोली लगने के बाद अशरीन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
---
गांव में हो रही तरह-तरह की चर्चा
युवती की हत्या के बाद गांव में तरह तरह की चर्चा हो रही है। बता दें कि करीब तीन माह पूर्व भी अशरीन के पति व मायके पक्ष के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, अभी तक हत्या के कारणों की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं दूसरी ओर अशरीन की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
--
परिजन मृतका के पति पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
-तपेश्वर सागर, देहात कोतवाल
------