चिकित्सक के घर में घुसकर की फायरिंग
बुलंदशहर। अज्ञात बदमाशों ने रविवार देर रात नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी चिकित्सक के घर में घुसकर फायरिंग करते हुए एक व्यक्ति को गन प्वाइंट पर ले लिया। सूचना पर पुलिस के पहुंचने के दौरान आरोपी दीवार कूद कर भाग निकले। पीड़ित ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के डीएम रोड निवासी चिकित्सक संजीव अग्रवाल ने सोमवार को नगर कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि रविवार को वह किसी काम से नोएडा गए हुए थे। देर रात करीब दो बजे तीन-चार अज्ञात बदमाश दीवार कूदकर उनके के घर में घुस आए। जाग होने पर घर में रुके पीड़ित के साथी बिट्टू कुमार ने छत पर जाकर पड़ताल की, इस दौरान आरोपियों ने बिट्टू को गन प्वाइंट पर ले लिया और फायरिंग की। फायरिंग में बिट्टू बाल-बाल बच गया। आस पड़ोस के लोगों ने फोन पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपी मौके से दीवार कूद कर भाग निकले। पीड़ित ने आशंका जताई है कि कोई रंजिशन उनकी हत्या करना चाहता है। पीड़ित ने नगर कोतवाली पुलिस से सुरक्षा व उचित कार्रवाई की मांग की है। नगर कोतवाली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो