जहांगीराबाद में चोरों का बोलबाला, तीन घर खंगाले
जहांगीराबाद। थाना क्षेत्र में पुलिस चोरों के आतंक पर लगाम लगा पाने में पूरी तरह से विफल नजर आ रही है। सोमवार रात को पांच घरों में हुई चोरी की वारदात को अभी पुलिस खोल भी नहीं सकी थी कि मंगलवार देर रात चोरों ने नगर के एक मोहल्ला स्थित तीन घरों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। इससे क्षेत्रीय लोगों में दहशत है।
नगर के मोहल्ला रोगनग्रान निवासी नेपाल सिंह, सुभाष व सुरेश ने बुधवार सुबह पुलिस को फोन कर चोरी की सूचना दी। उन्होंने बताया कि रात वह लोग अपने-अपने परिवारों के साथ घरों में सोए हुए थे। सुबह जब उनकी आंख खुलीं तो घर का सामान तितर-बितर पड़ा हुआ था। साथ ही तीनों पीड़ितों के घर में रखे लाखों रुपये के जेवरात व नगदी गायब थी। सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने जांच पड़ताल की है। बता दें कि नगर क्षेत्र में बीते सोमवार को भी चोरों ने पांच घरों से लाखों रुपये कीमत का माल चोरी कर लिया था। थाना प्रभारी जेपी चौबे ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को दबोच कर वारदातों का खुलासा कर जाएगा।