स्याना बवाल: योगेश और शिखर की होगी गिरफ्तारी या सरेंडर का इंतजार!
- 30 आरोपी जा चुके हैं जेल, फरारी काट रहे आरोपियों की तलाश में दबिश
- इंस्पेक्टर की हत्या के अधिकतर आरोपी पहुंच चुके हैं सलाखों के पीछे
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। योगेश राज और शिखर अग्रवाल को स्याना बवाल मामले में पुलिस अब तक दबोच नहीं सकी है। पुलिस जल्द गिरफ्तारी का दंभ तो भर रही है, लेकिन सूत्रों की मानें तो पुलिस आरोपियों के सरेंडर का भी इंतजार कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस कई जिलों और राज्यों की खाक छान चुकी है, लेकिन यह चुनौती पुलिस के माथे पर शिकन बढ़ा रही है।
बीते दिनों तीन दिसंबर को स्याना बवाल प्रकरण में पुलिस ने बजरंग दल के जिला संयोजक योगेश राज, भाजयुमो के पूर्व स्याना नगराध्यक्ष शिखर अग्रवाल समेत 27 नामजद आरोपियों और 50-60 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस अब तक योगेश और शिखर समेत 15 नामजद आरोपियों को दबोच नहीं सकी है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश और जल्द गिरफ्तारी का दंभ भरा जा रहा है, लेकिन उनकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। संगठन के लोग जल्द योगेश समेत कुछ अन्य आरोपियों के सरेंडर की बात कह रहे हैं, लेकिन अभी डेट तय नहीं हुई है। वहीं, सूत्रों की मानें तो पुलिस के हाथ इन आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में कोई खास सुराग नहीं लगा है। ऐसे में माना जा रहा है कि पुलिस भी आरोपियों के सरेंडर का इंतजार कर रही है। इंस्पेक्टर और सुमित की मौत का खुलासा हो चुका है। इसमें पुलिस योगेश की मौके पर मौजूदगी अब तक नहीं दर्शा पाई है। हालांकि, पुलिस दबी जुबां योगेश को बलवे का आरोपी मान रही है। योगेश के हिरासत में आने के बाद ही अधिकारी कुछ बोलने की बात कह रहे हैं।