बदमाशों ने परम डेरी के जीएम से लूटी कार
सिकंदराबाद। कार सवार बदमाशों ने परम डेरी के जीएम से कार लूट ली। बदमाशों ने मोबाइल छीनकर घटना स्थल से चंद कदमों की दूरी पर फेंक दिया और भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि नोएडा निवासी बलवीर सिंह खुर्जा देहात स्थित परम डेरी के सेल्स विभाग में जीएम के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार रात में वह अपनी ब्रेजा कार से चालक मुकेश के साथ नोएडा जा रहे थे। रात करीब 12 बजे हाइवे-91 पर सिरोधन कट के पास कार सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी कार को रोक लिया। बदमाशों ने पहले तो उन्हें साइड मारकर भागने की बात कहते हुए उनके साथ अभद्रता की। इसके बाद उन्हें धमका कर उनका मोबाइल छीन लिया। बदमाशों का एक साथी उनकी कार लेकर चला गया। अन्य दो बदमाश अपनी कार में बैठकर चले गए। बलवीर ने बताया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर बदमाशों ने उनसे लूटे मोबाइलों को फेंक दिया। लूट की सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर चेकिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।