मृत्यु शैय्या पर लेटे युवक से करा ली वसीयत
सिकंदराबाद । औद्योगिक क्षेत्र में मृत्यु शैय्या पर लेटे युवक से बेहोशी की हालत में जमीन की वसीयत कराने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
औद्योगिक क्षेत्र के गांव हृदयपुर निवासी संजीव कुमार पुत्र जतन सिंह ने बताया कि उसका रिश्ते का भाई प्रताप पुत्र नेपाल नि:संतान था। वह गांव में सगे दो भाईयों के पास रहता था। उसकी कृषि भूमि को उक्त दोनों भाई ही जोतते थे और उसका खर्च भी वह उठा रहे थे। बताया कि प्रताप कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। प्रताप की हालत गंभीर होने पर नौ मई को छोटा भाई अपने जीजा के साथ प्रताप को गाजियाबाद उपचार कराने के लिए कहकर ले गया। रात में करीब 10 बजे वह उसके शव को लेकर वापस गांव लौटे और परिवार के सभी लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताया कि 19 मई को उन्हें जानकारी हुई कि मृत्यु शैय्या पर पड़े प्रताप को उक्त लोग अस्पताल के बजाए दादरी रजिस्ट्री कार्यालय ले गए, जहां उन्होंने बेहोशी की हालत में उससे फर्जी तरीके से उसकी जमीन की वसीयत करा ली। कोतवाल योगेंद्र कुमार ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।