बरात की जगह घर से निकली अर्थी
गुलावठी। कु छ देर पहले ही तो उसकी सगाई की रस्म पूरी हुई थी। घर में खुशियों के गीत गुनगुनाए जा रहे थे। हर ओर बस प्रतीक की बरात की तैयारियां चल रही थीं। रविवार को ही उसकी शादी होनी थी। लेकिन, शनिवार देर रात हुए मामूली विवाद में आरोपियों ने प्रतीक की गोली बरसाकर हत्या कर दी। घोड़ी चढ़कर दुल्हन लाने के लिए जाने वाले प्रतीक की रविवार को अर्थी निकली तो परिजन ही नहीं मोहल्ले के लोग भी बिलख पड़े।
गुलावठी थाना क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर निवासी किसान दीप के इकलौते पुत्र प्रतीक का विवाह अलीगढ़ जनपद के गांव टीकरी निवासी एक युवती से तय हुआ था। शनिवार शाम को उसकी सगाई की रस्म सिरौंधन स्थित एक फार्म हाउस में पूरी हुई थी। देर रात कार्यक्रम के बाद सभी परिजन रामनगर स्थित घर पर आ गए थे। मृतक के पिता ने बताया कि रात करीब दस बजे प्रतीक के पास किसी का फोन आया था। आरोपियों ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। घर से कुछ ही दूरी पर आरोपियाें से प्रतीक की मुलाकात हुई थी। इस दौरान आरोपियों ने प्रतीक के सीने में दो व पैर में एक गोली मार दी थी। उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। रविवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद प्रतीक का शव उसके घर पहुंचा तो मां कुमुद, दादी रामरती देवी और अन्य परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीतू व उसके पुत्र नितिन समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सूत्रों की मानें तो पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रतीक का सगाई समारोह के बाद नितिन से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद देर रात प्रतीक की गोली मारकर हत्या की गई।
मामले में तहरीर के आधार पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीतू, उसके पुत्र समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच विभिन्न पहलुओं पर जारी है। आरोपियाें की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। - अतुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी