गंगा स्नान करने आया 25 हजार का इनामी बदमाश दबोचा
अनूपशहर (बुलंदशहर)। अनूपशहर स्थित गंगा घाट पर स्नान करने आए एक 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़ा गया बदमाश लूटपाट की वारदाताें में शामिल रहा है। वहीं गैंगस्टर एक्ट में वांछित होने के चलते पुलिस को काफी दिनों से उसकी तलाश थी।
अनूपशहर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वह रविवार शाम वह क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश सिकंदराबाद के मोहल्ला छासियाबाड़ा निवासी अजय उर्फ कुलदीप पुत्र अशोक गंगाघाट पर स्नान करने के लिए आया है। सूचना पर वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। अचानक पुलिस को देखकर बदमाश अजय भागने लगा। पहले से ही सतर्क पुलिस ने चारो तरफ से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश वर्ष 2018 से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था। इसके अलावा जहांगीराबाद क्षेत्र समेत कई स्थानों पर वह लूटपाट, चोरी आदि वारदातों को अंजाम दे चुका है। पिछले एक साल से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बदमाश को जेल भेजा जा रहा है।