तमंचे के बल पर युवती से सामूहिक दुष्कर्म
- पीड़िता ने एसएसपी से लगाई गुहार, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। डिबाई थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि जब परिजनों के साथ थाने में रिपोर्ट लिखवाने गए तो पुलिस ने धमका कर उन्हें भगा दिया। वहीं, अब पुलिस ने मामले में एसएसपी के आदेश के बाद जांच में जुट गई है।
डिबाई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित युवती ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि बीते दिनों गांव निवासी दूसरे पक्ष से उसके परिजनों का झगड़ा हो गया था। परिजनों के घायल होने के बाद पीड़िता की बहन ने गांव निवासी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घायल परिवार के एक सदस्य की हालत नाजुक है जिसका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस कारण परिवार के अधिकतर सदस्य अस्पताल गए थे। आरोप है कि बीते 15 नवंबर की रात वह घर के दल्लान में सो रही थी। उसकी भाभी अपने कमरे में सो रही थी। इस दौरान गांव निवासी दो आरोपी घर में घुस आए और पीड़िता के साथ तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के शोर मचाने पर जब उसकी भाभी बाहर आई तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीड़िता ने थाने मामले की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और पीड़िता व उसके परिजनों को लौटा दिया। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी के आदेश के बाद थाना पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।