सड़क हादसे में अपंजीकृत चिकित्सक की मौत
औरंगाबाद। बुलंदशहर देहात कोतवाली क्षेत्र की ठंडी प्याऊ चौकी के पास सड़क हादसे में बाइक सवार अपंजीकृत चिकित्सक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया। वहीं, मृतक के चचेरे ससुर ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव अहमदपुर निवासी रामबीर लोधी (45) अपंजीकृत चिकित्सक थे। वह खुर्जा के अस्पताल से बृहस्पतिवार रात ड्यूटी कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। तभी जैसे ही वह देहात थाना क्षेत्र की ठंडी प्याऊ के पास पहुंचे तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मामले में मृतक के चचेरे ससुर रंजीत सिंह ने देहात कोतवाली में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है। ब्यूरो