पंकज हत्याकांड : पुलिस पर लगाया साठगांठ का आरोप
बुलंदशहर। बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव सठला निवासी युवक पंकज की हत्या के मामले में करीब तीन माह बाद परिजनों थाना पुलिस पर आरोपियों से साठगांठ करने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिजनों ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
बीबीनगर के गांव सठला निवासी गंगाराम पुत्र हुकुम सिंह ने एसएसपी को भेजे शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि बीते 15 जुलाई 2018 को उनके बेटे पंकज की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी थी। पीड़ित ने मामले में अज्ञात में ही रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद बीते एक व सात अगस्त को पीड़ित ने अपनी पत्नी व दो अन्य लोगों के साथ एसएसपी को शिकायती पत्र दिया था। पत्र में गांव निवासी दूसरे पक्ष के चार लोगों पर पंकज की हत्या का आरोप लगाया था। मामले की जांच एसपी क्राइम कर रहे थे। आरोप है कि थाना प्रभारी ने मामले में आरोपी पक्ष से साठगांठ कर ली है। साथ ही उल्टा थाना पुलिस ने दूसरे पक्ष के दबाव में बीते दिनों पीड़ित के दूसरे पुत्र को हवालात में डाल दिया था। साथ ही धमकी देकर पीड़ित से मामले में एक प्रार्थना पत्र पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए थे। जिसमें पीड़ित के पुत्र पंकज के हत्यारोपी उसी के अन्य परिजनों को बनाया गया था। आरोप है कि थाना पुलिस पीड़ित के भाई व भतीजे को पंकज की हत्या के मामले में झूठा फंसाने की कोशिश कर रही है। पीड़ित ने मामले में एसएसपी से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।