सऊदी अरब में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगे डेढ़ लाख
बुलंदशहर। गुलावठी थाना क्षेत्र निवासी एक युवक से सऊदी अरब में नौकरी लगवाने के नाम पर एक अन्य युवक से डेढ़ लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने युवक को सऊदी अरब की किसी दूसरी कंपनी में भेज दिया, जहां से पीड़ित को वापस अपने वतन लौटने के लिए जेल का सहारा लेना पड़ा। । पीड़ित ने अब आरोपी से रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने एसएसपी से मामले की शिकायत की है।
गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव भमरा निवासी फिरोज खान पुत्र कासिम ने एसएसपी को शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि वह हैवी लाइसेंस धारक ड्राइवर है। सन 2011 से 2016 तक उसने सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी की थी। जिसके बाद वह भारत वापस लौट आया था। बीते दिनों वह फिर से सऊदी में नौकरी करना चाहता था। इस दौरान जनवरी माह में उसकी मुलाकात गुलावठी निवासी एक व्यक्ति से हुई। उक्त व्यक्ति ने पीड़ित को सऊदी में एक कंपनी में ड्राइवर की नौकरी लगवाने का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये की मांग की। पीड़ित ने उसे एक लाख एक बार और पचास हजार रुपये दिल्ली स्थित उसके एक मित्र के सामने दिए थे। आरोपी ने अपने मित्र के द्वारा ही उसे सऊदी भेजने की बात कही थी। बाद में आरोपियों ने पीड़ित को एक एजेंसी के माध्यम से सऊदी भेजने के लिए वीजा दिया। पीड़ित के विरोध करने पर आरोपियों ने आश्वासन दिया कि उसे सारी सैलरी और सुविधाएं वही मिलेंगी जिनका वादा किया गया है। पीड़ित आरोपियों के झांसे में आकर जनवरी 2018 को दिल्ली एयरपोर्ट से सऊदी अरब के रियाद चला गया। जहां उसका पासपोर्ट कंपनी कर्मचारियों ने ले लिया और तीन माह तक उसे कोई काम नहीं दिया। इस दौरान उसे मात्र 200 रियाल खर्चे के लिए दिए गए। पीड़ित ने जब अधिकारियों से वापस आने की मांग की तो अधिकारियों ने भी 10 हजार रियाल और टिकट देकर वापस जाने को कहा। इसके बाद पीड़ित ने बीते दिनों एक स्थानीय पुलिसकर्मी से संपर्क किया। पुलिसकर्मी ने पीड़ित को वहां की जेल जाने और फिर भारतीय एजेंसी के द्वारा वापस अपने वतन लौटने की सलाह दी। पीड़ित पुलिसकर्मी के कहने पर वह जेल गया और फिर भारतीय एजेंसी के माध्यम से व्हाइट पासपोर्ट मिलने के बाद बीते दिनों वह अपने वतन लौट आया। पीड़ित ने यहां जब आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसके मारपीट करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है।